Advertisement Carousel
Blog

बीएसपी स्क्रैप चोरी कांड में बड़ा एक्शन, मुख्य फरार आरोपी उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार

Advertisements


बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में बड़ा खुलासा, मुख्य फरार आरोपी सहित दो गिरफ्तार
दुर्ग, भिलाई के चर्चित बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने मामले के मुख्य फरार आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से सात दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Advertisements
Advertisements


पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स परिसर में जांच की गई थी। जांच के दौरान कई हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम और अन्य स्क्रैप सामग्री लोड होना पाया गया था।
मौके पर भारी मात्रा में स्क्रैप का अवैध भंडारण भी मिला। जांच में खुलासा हुआ कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध परिवहन और कारोबार किया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 250 टन लोहे की प्लेट एवं बीम कटिंग जब्त की थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई। वहीं परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त वाहनों और मशीनरी सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी।
मामले में पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। हालांकि प्रकरण का मुख्य आरोपी संजय सिंह (48 वर्ष) निवासी खुर्सीपार, भिलाई फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी उत्तरप्रदेश के देवरिया जिले में छिपकर रह रहा है।
सूचना के आधार पर गठित विशेष पुलिस टीम उत्तरप्रदेश पहुंची और देवरिया में आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर घेराबंदी की। पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय सिंह को गिरफ्तार कर दुर्ग लाया। वहीं विवेचना के दौरान मामले में संलिप्त पाए जाने पर पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा (48 वर्ष) निवासी सेक्टर-05, भिलाई को भी गिरफ्तार किया गया।


दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर सात दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान स्क्रैप चोरी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध संग्रहण कर आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से इस पूरे अपराध को अंजाम दिया था।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी, अवैध परिवहन अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button