
पंतोरा की पहाड़ी पर लापता महिला का मिला शव, प्रेम संबंध के विवाद में हत्या की आशंका
गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस और ग्रामीणों ने पहाड़ी से बरामद किया शव, संदिग्ध आरोपी चिन्हित; जहर सेवन के बाद कोरबा अस्पताल में भर्ती
जांजगीर-चांपा, । जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंगारखार की 30 वर्षीय लापता महिला का शव तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका के आधार पर जांच तेज करते हुए एक संदिग्ध आरोपी को चिन्हित किया है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध ने जहर सेवन कर लिया है और वर्तमान में कोरबा अस्पताल में उपचाराधीन है।

ग्राम अंगारखार निवासी 30 वर्षीय महिला 22 नवंबर 2026 से लापता थी। परिजनों से सूचना मिलने पर 24 नवंबर को चौकी पंतोरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 581/26, धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार पतासाजी कर रही थी।
इसी दौरान 25 नवंबर की सुबह पुलिस एवं ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान लापता महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात आई सामने
पुलिस की प्रारंभिक विवेचना और पूछताछ में सामने आया है कि महिला अपने परिचित व्यक्ति से मिलने ग्राम अंगारखार की पहाड़ी पर गई थी। इसी दौरान गांव का ही एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर विवाद करने लगा। विवाद के बाद महिला का परिचित व्यक्ति वहां से चला गया। घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस हत्या की आशंका को लेकर जांच कर रही है।
मामले में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) जोड़ दी है तथा संदिग्ध आरोपी की पहचान कर ली है। आरोपी द्वारा जहर सेवन किए जाने के बाद उसे उपचार के लिए कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह उपचाराधीन है। उसके स्वस्थ होने के बाद पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।
फिलहाल पंतोरा पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों और घटना की पूरी परिस्थितियों का खुलासा होने की उम्मीद है।
