
ऑपरेशन अंकुश: जुर्डा रेलवे फाटक के पास जुआ खेल रहे चार जुआरी गिरफ्तार
मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में खेल रहे थे 52 पत्ती से काट-पत्ती जुआ, ₹7,920 नकद और तीन मोबाइल जब्त
रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने ग्राम जुर्डा में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹7,920 नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुर्डा रेलवे फाटक के पास कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही ऑपरेशन अंकुश के नोडल अधिकारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके ने चक्रधरनगर थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर जुआ खेल रहे चार लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय साहू (35 वर्ष), निवासी बोईरदादर मालीडीपा, अजीत दास महंत (26 वर्ष), निवासी लक्ष्मीपुर, किशन साहू (25 वर्ष) एवं नरेंद्र कुमार साव (44 वर्ष), दोनों निवासी कोष्टापारा, जिला रायगढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से ₹7,920 नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में धारा 3(2), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे, एएसआई भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक श्रीराम साहू, महेंद्र कर्ष एवं आरक्षक नरेंद्र भारद्वाज और विद्याधर पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
