```html ```

मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे गांजा, 440 किलो से अधिक माल जब्त

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार 

जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 440.63 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक को भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार लोगों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34), निवासी ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताया।

जांच के दौरान वाहन में ऊपर की ओर मिर्ची की बोरियां रखी मिलीं। पुलिस को संदेह होने पर जब बोरियों को हटाकर नीचे रखे सामान की जांच की गई, तो टेप से पैक किए गए कई पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने 14 बोरियों से कुल 440 पैकेट बरामद किए, जिनका वजन 440.63 किलोग्राम बताया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये आंकी गई है। वहीं, तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जब्ती की कीमत लगभग 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज जा रहे थे। गांजा कहां से खरीदा गया और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इन मामलों में 22 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन जब्त किए जा चुके हैं।

कार्रवाई में थाना तपकरा प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा पुलिस की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *