Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़धरसींवा

सेवा, सम्मान और जनसेवा के संकल्प के साथ मना 50वां जन्मदिन: विधायक अनुज शर्मा का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री भी हुए शामिल

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज से मोहम्मद उस्मान सैफी की रिपोर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के महानायक, पद्मश्री सम्मानित कलाकार और विधायक अनुज शर्मा ने अपना 50वां जन्मदिन बेहद खास और ऐतिहासिक अंदाज में मनाया। यह अवसर उनके लिए “डबल सेलिब्रेशन” बन गया, क्योंकि इसी वर्ष उन्होंने छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अपने शानदार 25 वर्ष भी पूरे किए। जन्मदिन को उन्होंने चकाचौंध और भव्यता से दूर रखते हुए सेवा, सम्मान और जनता के प्रति कृतज्ञता को समर्पित किया।

Advertisements

कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा को जन्मदिन और उनके कला जीवन के 25 वर्षों की उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुज शर्मा केवल फिल्मों के नहीं, बल्कि जनता के भी सच्चे महानायक हैं।

Advertisements

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुज शर्मा ने विधायक के रूप में क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र की तस्वीर बदली है और जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि कला और जनसेवा का ऐसा संतुलन विरले ही देखने को मिलता है।

कार्यक्रम में भावुक होते हुए अनुज शर्मा ने जनता और मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि “आज मेरे पास शब्द कम हैं और भावनाएं ज्यादा हैं। लोग कहते हैं कि मैंने जीवन के 50 वर्ष पूरे कर लिए हैं, लेकिन मुझे ये 50 साल नहीं, बल्कि जनता के प्यार और आशीर्वाद की अनगिनत बूंदें लगती हैं।”

उन्होंने कहा कि एक कलाकार के रूप में जनता ने उन्हें अपार प्रेम दिया, लेकिन धरसींवा की पावन माटी ने उन्हें कलाकार से “बेटा” और “भाई” बना दिया। उन्होंने संकल्प लिया कि जब तक सांस है, वे छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा और धरसींवा क्षेत्र की सेवा करते रहेंगे।

इस अवसर पर उनके जीवन संघर्ष और जनसेवा पर आधारित विशेष शॉर्ट फिल्म “महानायक” का वीडियो लॉन्च किया गया। साथ ही उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म “सुहाग” को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज किया गया, जिसे प्रशंसकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकारों की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली। 63 मेधावी छात्रों का सम्मान किया गया, 10 से अधिक दिव्यांगजनों को सहायक सामग्री वितरित की गई और 60 से अधिक समाज प्रमुखों का नागरिक अभिनंदन किया गया।

विशेष रूप से प्रदेश में 12वीं कक्षा में पांचवां स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा हेमलता साहू को नगद पुरस्कार के साथ आगे की पढ़ाई की जिम्मेदारी औद्योगिक संस्थान द्वारा उठाने की घोषणा की गई। वहीं क्षेत्र के लिए 10 लाख रुपये की सोनोग्राफी मशीन भी समर्पित की गई।

कार्यक्रम में राजनीतिक रूप से भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। विधायक अनुज शर्मा की कार्यशैली से प्रभावित होकर 60 सरपंचों सहित 250 से अधिक कार्यकर्ताओं ने अन्य दलों को छोड़ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, छालीवुड कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और हजारों की संख्या में आम जनता ने शामिल होकर अपने लोकप्रिय विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पूरा सभागार “हमर हीरो नंबर-1” के नारों से गूंज उठा।

First Chhattisgarh News Ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad
Back to top button