```html ```
Breaking

छत्तीसगढ़ विधानसभा का 25 साल का इंतजार खत्म

शैलेंद्र कुमार सह संपादक की रिपोर्ट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नए विधानसभा भवन को राज्य को किया समर्पित रजत जयंती वर्ष में छत्तीसगढ़ को मिला अपना भव्य और आधुनिक विधानसभा भवन परंपरा और आधुनिकता का संगम छत्तीसगढ़ विधानसभा का नया भवन रायपुर. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन के लोकार्पण के साथ ही विधानसभा के खुद के भवन का 25 साल का इंतजार खत्म हो गया। राज्य निर्माण के रजत जयंती वर्ष में राज्योत्सव के मौके पर छत्तीसगढ़ को अपना भव्य और आधुनिक विधानसभा भवन मिला। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में नए विधानसभा परिसर में आयोजित लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कहा कि यह हम सबके लिए बहुत गौरव का क्षण है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का सदैव लोकतांत्रिक परंपराओं पर गहरा विश्वास रहा है। राज्य की समृद्धि और खुशहाली के फैसले अब इस भवन में होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां राज्य के हित से जुड़े विधेयकों व मुद्दों पर सार्थक चर्चा से जनता की आकांक्षाएं और अपेक्षाएं पूर्ण होंगी। यह नया भवन छत्तीसगढ़ विधानसभा की परंपरा तथा लोकतंत्र की भावनाओं को और मजबूत करेगी एवं इनका गौरव बढ़ाएंगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन भगवान श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की धरती छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्णिम है। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पिछले 25 वर्षों में गौरवशाली इतिहास रहा है। राज्य सरकार पिछले 21-22 महीनों से मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को अटलजी ने बनाया है और मोदी जी इसे संवारने का काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। आज यह भवन, भूमि और मंच अभूतपूर्व समय का साक्षी बन रहा है। छत्तीसगढ़ के इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। आज के दिन ही 25 वर्ष पहले स्वर्गीय श्री अटल बिहारी बाजपेयी ने राज्य का निर्माण किया था और आज ही यह अपने निर्माण से विधान तक का सफर पूरा कर रहा है। उन्होंने बताया कि नया विधानसभा भवन 80 प्रतिशत स्वदेशी मटेरियल से बना है। सदन में बस्तर के सागौन से निर्मित फर्नीचर और दरवाजे हैं, सीलिंग में धान की बालियों की कलाकारी है। छत्तीसगढ़ को यहां समाहित किया गया है। राज्यपाल श्री रमेन डेका, केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्रीद्वय श्री अरुण साव और श्री विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल भी विधानसभा भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए।   खूबसूरत इमारत ही नहीं, छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक छत्तीसगढ़ के इतिहास में आज 1 नवम्बर के दिन एक नया अध्याय जुड़ा। वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद रायपुर के राजकुमार कॉलेज से शुरू हुई छत्तीसगढ़ विधानसभा को 25 वर्षों के बाद रजत जयंती वर्ष में अपना भव्य, आधुनिक और पूर्ण सुविधायुक्त स्थायी भवन मिल गया है। यह भवन केवल एक खूबसूरत इमारत ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक भी है। कृषि-प्रधान संस्कृति और बस्तर के काष्ठ शिल्प की झलक ‘धान का कटोरा’ कहलाने वाले छत्तीसगढ़ की पहचान को इस भवन की वास्तुकला में बखूबी पिरोया गया है। विधानसभा के सदन की सीलिंग पर धान की बालियों और पत्तियों को उकेरा गया है, जो प्रदेश की कृषि-प्रधान संस्कृति का प्रतीक है। भवन के ज्यादातर दरवाजे और फर्नीचर बस्तर के पारंपरिक काष्ठ शिल्पियों द्वारा बनाए गए हैं। इस तरह नया विधानसभा भवन आधुनिकता और परंपरा का एक जीवंत संगम बन गया है। भविष्य की जरूरतों के अनुरूप अत्याधुनिक भवन नए विधानसभा भवन को वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। यह पूरी तरह सर्वसुविधायुक्त और सुसज्जित भवन है, जिसके सदन को 200 सदस्यों तक के बैठने के लिए विस्तारित किया जा सकता है। पेपरलेस विधानसभा संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी सुविधाओं का समावेश भी किया गया है, जिससे यह भवन ‘स्मार्ट विधानसभा’ के रूप में विकसित होगा। 324 करोड़ की लागत से बना 51 एकड़ में फैला परिसर कुल 51 एकड़ में फैले इस परिसर का निर्माण 324 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। भवन को तीन मुख्य हिस्सों—विंग-ए, विंग-बी और विंग-सी—में विभाजित किया गया है। विंग-ए में विधानसभा का सचिवालय, विंग-बी में सदन, सेंट्रल हॉल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय, तथा विंग-सी में मंत्रियों के कार्यालय स्थित हैं। हरित तकनीक से निर्मित पर्यावरण अनुकूल भवन यह भवन पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल और हरित निर्माण तकनीक से बनाया गया है। परिसर में सोलर प्लांट की स्थापना के साथ वर्षा जल संचयन हेतु दो सरोवर भी बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा, भवन में पर्यावरण-संरक्षण के सभी मानकों का पालन किया गया है। 500 सीटर ऑडिटोरियम और 200 सीटर सेंट्रल हॉल विधानसभा भवन में 500 दर्शक क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और 200 सीटर सेंट्रल हॉल बनाया गया है। भवन की वास्तुकला आधुनिकता और पारंपरिक शैलियों का उत्कृष्ट मेल है। तीन करोड़ जनता की आकांक्षाओं का प्रतीक छत्तीसगढ़ की संस्कृति और शिल्प से सजे-संवरे इस नए विधानसभा भवन में राज्य के तीन करोड़ नागरिकों की उम्मीदें, आकांक्षाएं और आत्मगौरव साकार होता दिखेगा। यह भवन न केवल लोकतांत्रिक व्यवस्था का, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान, प्रगति और परंपरा का प्रतीक भी बनेगा।

छत्तीसगढ़ की 25वीं स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने किया नए विधानसभा भवन का लोकार्पण नवा रायपुर से बड़ा ऐलान!

मोहम्मद उस्मान सौफी की रिपोर्ट छत्तीसगढ़ की 25वी स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी जी के द्वारा नये विधानसभा भवन व राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए विधायक अनुज यह भवन केवल एक इमारत ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक भी है- अनुज आज राजधानी रायपुर के नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ की 25वी स्थापना दिवस को रजत जयंती के रूप में पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के द्वारा नये विधानसभा भवन का उद्घाटन, राज्योत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ एवं विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया गया | आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने नवीन विधानसभा भवन लोकार्पण, नवा रायपुर में एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधरोपण किया एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण, ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन, ब्रह्माकुमारी शांति शिखर भी गए। इसके साथ ही श्री सत्य साईं हॉस्पिटल में हार्ट सर्जरी से ठीक हुए बच्चों से “दिल की बात” कार्यक्रम में हिस्सा लिए। उक्त कार्यक्रमों में विधायक अनुज शर्मा भी शामिल हुए| इस अवसर पर उन्होंने मीडिया सें कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को बहुत बधाई और शुभकामनाएं।पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रयास से 25 वर्ष पूर्व हमारे इस सुंदर छत्तीसगढ़ का निर्माण हुआ था। आज राज्य स्थापना दिवस पर स्व. अटल जी के संकल्प को मन में रखकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हम विकसित छत्तीसगढ़ निर्माण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।हमारीं विष्णु देव साय सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में तेज़ी से विकास हों रहें हैं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने छत्तीसगढ़ के नये अत्याधुनिक और भव्य विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। यह भवन केवल एक इमारत ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक भी है। ‘धान का कटोरा’ कहलाने वाले छत्तीसगढ़ की पहचान को इस भवन की वास्तुकला में बखूबी पिरोया गया है।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में शामिल होने का आग्रह किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज देश भर के नागरिकों से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने इसे एक प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि यह सामूहिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रतिबिंबित करती है। आज एक्स पर साझा किए गए अपने एक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा: “स्वच्छता से जुड़ी यह पहल बहुत उत्साहित करने वाली है। मेरा आह्वान है कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ें और इसे सफल बनाएं।”

ट्राई ने दूरसंचार (प्रसारण और केबल) सेवा इंटरकनेक्शन (एड्रेसेबल सिस्टम) (सातवां संशोधन) विनियम, 2025 का मसौदा जारी किया

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने आज दूरसंचार (प्रसारण और केबल) सेवा इंटरकनेक्शन (एड्रेसेबल सिस्टम) (सातवां संशोधन) विनियम, 2025 का मसौदा जारी किया है। प्राधिकरण ने हितधारकों के सुझाव प्राप्त करने के लिए 9 अगस्त 2024 को ‘दूरसंचार (प्रसारण और केबल) सेवा इंटरकनेक्शन (एड्रेसेबल सिस्टम) विनियम, 2017 और दूरसंचार (प्रसारण और केबल) सेवा डिजिटल एड्रेसेबल सिस्टम ऑडिट मैनुअल के ऑडिट संबंधी प्रावधानों’ पर परामर्श पत्र जारी किया था। इस परामर्श प्रक्रिया के आधार पर, दूरसंचार (प्रसारण और केबल) सेवा इंटरकनेक्शन (एड्रेसेबल सिस्टम) विनियम, 2017 में संशोधन का मसौदा जारी किया गया है। इस मसौदा विनियमन का उद्देश्य प्रस्तावित संशोधनों पर सभी हितधारकों के सुझाव प्राप्त करना है। मसौदा विनियमन का पूरा विवरण ट्राई की वेबसाइट www.trai.gov.in पर उपलब्ध है। दूरसंचार (प्रसारण एवं केबल) सेवा इंटरकनेक्शन (एड्रेसेबल प्रणालियां) (सातवां संशोधन) विनियम, 2025 के मसौदे पर हितधारकों से 06 अक्‍टूबर, 2025 तक लिखित सुझाव आमंत्रित हैं। सुझाव, अधिमानतः इलेक्ट्रॉनिक रूप में, भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण की सलाहकार (बी एंड सीएस) डॉ. दीपाली शर्मा और संयुक्त सलाहकार (बी एंड सीएस) सुश्री सपना शर्मा को advbcs-2@trai.gov.in और jtadv-bcs@trai.gov.in पर भेजे जा सकते हैं। किसी भी स्पष्टीकरण/जानकारी के लिए, डॉ. दीपाली शर्मा, सलाहकार (बी एंड सीएस) या सुश्री सपना शर्मा, संयुक्त सलाहकार (बी एंड सीएस), ट्राई से क्रमशः ईमेल आईडी: advbcs-2@trai.gov.in या दूरभाष +91-11-20907774 या jtadv-bcs@trai.gov.in या दूरभाष +91-11-26701418 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री ने नवरात्रि के दूसरे दिन देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नवरात्रि के दूसरे दिन देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा: “नवरात्रि में आज मां ब्रह्मचारिणी के चरणों में कोटि-कोटि वंदन! देवी माता अपने सभी साधकों को साहस और संयम का आशीर्वाद प्रदान करें।”

प्रधानमंत्री 22 सितम्‍बर को अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा का दौरा करेंगे

अरुणाचल प्रदेश की विशाल जलविद्युत क्षमता के उपयोग के लिए, प्रधानमंत्री ईटानगर में 3,700 करोड़ रुपये से अधिक की दो प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे प्रधानमंत्री जीवन स्तर में सुधार के लिए कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और अन्य विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे प्रधानमंत्री त्रिपुरा में, माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर के विकास कार्यों का दौरा और उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी 22 सितम्‍बर को अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा का दौरा करेंगे। वे ईटानगर में 5,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली अनेक विकास परियोजनाओं की अधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद, वे त्रिपुरा का दौरा करेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे तथा माताबाड़ी में ‘माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर’ के विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। अरुणाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री क्षेत्र में विशाल जलविद्युत क्षमता का उपयोग करने और निरन्‍तर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए, प्रधानमंत्री ईटानगर में 3,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली दो प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। हीओ जलविद्युत परियोजना (240 मेगावाट) और तातो-I जलविद्युत परियोजना (186 मेगावाट) अरुणाचल प्रदेश के सियोम उप-बेसिन में बनाई जाएंगी। . प्रधानमंत्री तवांग में एक अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर की आधारशिला भी रखेंगे। सीमावर्ती जिले तवांग में 9,820 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित यह केन्‍द्र राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों, सांस्कृतिक उत्सवों और प्रदर्शनियों की मेजबानी के लिए एक ऐतिहासिक इमारत के रूप में कार्य करेगा। 1,500 से अधिक प्रतिनिधियों की मेजबानी करने की क्षमता के साथ, यह केन्‍द्र वैश्विक मानकों को पूरा करेगा और क्षेत्र की पर्यटन और सांस्कृतिक संभावना में सहयोग करेगा। प्रधानमंत्री 1,290 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली अनेक प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे, जो कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, अग्नि सुरक्षा, कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावासों सहित विभिन्न क्षेत्रों को लाभान्वित करेंगी। इन पहलों से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने, जीवन स्तर में सुधार और कनेक्टिविटी में सुधार होने की उम्मीद है। व्यापार में सुगमता सुनिश्चित करने और एक जीवंत उद्यमशीलता इकोसिस्‍टम को बढ़ावा देने की अपनी कल्‍पना के अनुरूप, प्रधानमंत्री स्थानीय करदाताओं, व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ हाल ही में जीएसटी दरों को युक्तिसंगत बनाने के प्रभाव पर भी चर्चा करेंगे। त्रिपुरा में प्रधानमंत्री भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और संरक्षित करने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान (प्रसाद) योजना के तहत माताबाड़ी में ‘माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर’ के विकास कार्य का उद्घाटन करेंगे। यह त्रिपुरा के गोमती जिले के उदयपुर शहर में स्थित प्राचीन 51 शक्तिपीठों में से एक है। इस परियोजना को ऊपर से कछुए के आकार का आकार दिया गया है, जिसमें मंदिर परिसर में सुधार, नए रास्ते, पुनर्निर्मित प्रवेश द्वार और बाड़, जल निकासी व्यवस्था, स्टालों, ध्यान कक्ष, अतिथि आवास, कार्यालय कक्षों सहित एक नये तीन मंजिले परिसर का निर्माण आदि शामिल हैं। यह पर्यटन को बढ़ावा देने, रोजगार और व्यापार के अवसर पैदा करने और क्षेत्र के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।