Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

विवाद के दौरान बेटे ने पिता के सिर पर किया हमला, मौत; आरोपी गिरफ्तार

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। तपकरा थाना क्षेत्र के ऊपर कछार चौकी अंतर्गत ग्राम सिंगीबहार में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे द्वारा अपने पिता पर हमला किए जाने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे सूरज सिंह (32) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए सील-लोढ़ा को भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को मृतक कृष्णा सिंह के भतीजे योगादर सिंह को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर वह कृष्णा सिंह के घर पहुंचा, जहां कृष्णा सिंह खाट पर बेहोशी की हालत में मिले। उनके नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था। मौके पर आरोपी सूरज सिंह भी मौजूद था।

परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल कृष्णा सिंह को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल केरसेई पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने उन्हें कुनकुरी अस्पताल रेफर किया। कुनकुरी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद कृष्णा सिंह को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमार्टम कराया। घटनास्थल तपकरा थाना क्षेत्र में आने के कारण आगे की जांच के लिए मर्ग डायरी तपकरा थाना भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने 7 अगस्त को आरोपी सूरज सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसके पिता के साथ अक्सर विवाद होता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कृष्णा सिंह की उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने और पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। घटना में प्रयुक्त सील-लोढ़ा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, ऊपर कछार चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा तथा आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह और अमेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button