Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर, प्रभावी पुलिसिंग के दिए निर्देश

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisements
Advertisements

बैठक के दौरान लंबित अपराध, शिकायत, चालान, मर्ग तथा अन्य प्रकरणों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी मामलों का निष्पक्ष एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर निराकरण किया जाए। साथ ही विवेचना की गुणवत्ता सुधारने और दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। लापरवाही या अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामलों में तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच करते हुए एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी, जुआ, सट्टा तथा अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

Advertisements

बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों की तामील और आदतन अपराधियों की नियमित निगरानी तेज करने के निर्देश भी दिए गए। साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा तकनीकी सहायता संबंधी मांगों का शीघ्र निराकरण करने पर बल दिया गया।

होटल, लॉज एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में आने वाले प्रत्येक आगंतुक का समाधान ऐप के माध्यम से अनिवार्य पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध, तथ्यपरक और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं किए जाने की बात भी कही गई।

बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस मितान व्यवस्था को अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया गया। थाना एवं चौकी प्रभारियों को पुलिस मितानों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा उन्हें जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय रूप से शामिल करने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए। जिलेभर में बैरिकेड लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा बिना हेलमेट, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों सहित सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button