Advertisement Carousel
छत्तीसगढ़जशपुर नगर

प्रेम संबंध और जमीन विवाद में महिला की हत्या, शव रेत में दफन; तीन आरोपी गिरफ्तार

फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार

जशपुर। जिले के दोकड़ा चौकी क्षेत्र के ग्राम बंदरचुआ में एक महिला की हत्या कर शव को रेत में दफनाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बंदरचुआ रौतियाबस्ती में रहने वाली 58 वर्षीय महिला हरावती बाई के घर से दुर्गंध आने और मकान बंद होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वैज्ञानिक टीम और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में जांच की गई। तलाशी के दौरान निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास रेत में दफन महिला का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान हरावती बाई के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान मृतका के पुत्र भूषण राम की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उससे पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सामने आया कि उसका पड़ोस में रहने वाली श्यामपति बाई के साथ कई वर्षों से प्रेम संबंध था। वहीं दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर भी पुराना विवाद चल रहा था।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि कथित तौर पर श्यामपति बाई और उसकी मां बुधमति बाई ने हरावती बाई की गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव से दुर्गंध फैलने लगी तो घटना छिपाने के उद्देश्य से भूषण राम की मदद से शव को निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास ले जाकर रेत में दफना दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव दफनाने में उपयोग किए गए फावड़े सहित अन्य सामग्री भी बरामद की है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में 42 वर्षीय श्यामपति बाई, 65 वर्षीय बुधमति बाई और 29 वर्षीय भूषण राम शामिल हैं। तीनों ग्राम बंदरचुआ, चौकी दोकड़ा, जिला जशपुर के निवासी हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में चौकी दोकड़ा पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले का त्वरित खुलासा तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और लगातार पूछताछ के आधार पर संभव हो सका।

Advertisements

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button