बिल्हा सहकारी बैंक में 3.38 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा, बैंककर्मी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
चेक में ओवरराइटिंग और कूटरचना कर बढ़ाई गई राशि, समिति के प्राधिकृत अधिकारी की भूमिका भी आई सामने
बिलासपुर। जिला बिलासपुर के बिल्हा स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा में चेक की राशि में कथित छेड़छाड़ कर 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण करने के मामले में बिल्हा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में बैंक के कर्मचारियों सहित सेवा सहकारी समिति से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा क्रमांक 63 में विभिन्न कार्यों के लिए तीन चेक के माध्यम से कुल 3 लाख 14 हजार 130 रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि स्वीकृत राशि के चेक में ओवरराइटिंग और कूटरचना कर रकम बढ़ा दी गई। चेक क्रमांक 021914 में 51 हजार 900 रुपये को बढ़ाकर 89 हजार 900 रुपये, चेक क्रमांक 021019 में 1 लाख 82 हजार 80 रुपये को बढ़ाकर 2 लाख 82 हजार 80 रुपये तथा चेक क्रमांक 016635 में 80 हजार 150 रुपये को बढ़ाकर 2 लाख 80 हजार 150 रुपये कर दिया गया।
इस तरह चेक और संबंधित दस्तावेजों में कथित हेराफेरी कर कुल 3 लाख 38 हजार रुपये का अतिरिक्त आहरण किए जाने का मामला सामने आया।
मामले में प्रार्थी राजकुमार बरगाह ने 26 सितंबर 2026 को थाना बिल्हा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 512/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(2)(3), 338, 340(2), 61(2) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा बिल्हा के लेखापाल ऋषिकेश पाण्डेय द्वारा कथित रूप से काट-छांट किए गए चेक को पास करने के लिए हस्ताक्षर किए गए। वहीं कैशियर संजय सिंह बघेल द्वारा चेक को निरस्त करने के बजाय उसके आधार पर नकद राशि का भुगतान किया गया। पुलिस के अनुसार, सेवा सहकारी समिति मर्यादित गुमा के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह की भूमिका भी जांच में सामने आई। आरोप है कि समिति के कार्यवाही प्रस्ताव में की गई काट-छांट की जांच नहीं की गई और बाद में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस का आरोप है कि आरोपियों ने आपसी मिलीभगत और आपराधिक षड्यंत्र के तहत कूटरचित चेक एवं दस्तावेजों के आधार पर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई।
इस मामले में बैंक के सुपरवाइजर हितेश सलूजा और शाखा प्रबंधक लक्ष्मण कौशिक को पूर्व में माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर से अग्रिम जमानत मिलने के बाद 21 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया था।
वहीं विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 21 नवंबर 2026 को बैंक के कैशियर ऋषिकेश पाण्डेय (46 वर्ष), लेखापाल संजय सिंह बघेल (39 वर्ष) तथा सेवा सहकारी समिति गुमा के प्राधिकृत अधिकारी एवं सह-अध्यक्ष राजकुमार बरगाह (48 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार की विशेष भूमिका रही।
बिल्हा पुलिस की इस कार्रवाई से सहकारी बैंक एवं समिति से जुड़े वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।




