चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से धान की फसलों पर संकट, कलेक्टर महोबे ने दिए नुकसान के सर्वे के निर्देश
दो दिनों में जिले में हुई 57.4 मिमी बारिश, राजस्व और कृषि विभाग की टीमें खेतों में पहुंचकर कर रहीं फसल क्षति का आकलन
फसल बीमा धारक किसान 72 घंटे के भीतर दर्ज कराएं नुकसान की सूचना, हेल्पलाइन नंबर 14447 जारी
जांजगीर-चांपा। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से जिले में हुई बेमौसम बारिश ने धान की फसलों को लेकर किसानों की चिंता बढ़ा दी है। संभावित फसल नुकसान को देखते हुए जिला प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदारों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण कर फसल क्षति का सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लेने के साथ किसानों से सीधे संवाद कर नुकसान की जानकारी जुटा रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने और फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत कलेक्टर ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में संयुक्त रूप से निरीक्षण कर वास्तविक नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 19 नवंबर को 7.4 मिलीमीटर और 20 नवंबर को 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस तरह दो दिनों में कुल 57.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश और तेज हवाओं से धान की फसलों को हुए संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नुकसान का सर्वेक्षण कर पात्र किसानों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए। प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के तहत सहायता एवं बीमा दावा राशि दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।
कटी हुई धान की फसल को सुरक्षित रखने की सलाह
बेमौसम बारिश से फसल को बचाने के लिए जिला प्रशासन ने किसानों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। जिन किसानों की धान की फसल कट चुकी है, वे उसे तत्काल खेत से उठाकर ऊंचे एवं सूखे स्थानों पर सुरक्षित रखें। बारिश से बचाव के लिए धान को तिरपाल से अच्छी तरह ढंककर रखें। वहीं बारिश में भीग चुकी धान की फसल को मौसम साफ होने पर धूप में फैलाकर अच्छी तरह सुखाएं, ताकि नमी, फफूंदी और गुणवत्ता खराब होने की आशंका कम की जा सके।

फसल नुकसान पर 72 घंटे के भीतर सूचना देना जरूरी
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। जिन किसानों की कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी धान की फसल को बेमौसम बारिश, चक्रवाती तूफान अथवा अन्य अधिसूचित प्राकृतिक आपदा से नुकसान पहुंचा है, उन्हें नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी, कृषि विभाग अथवा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से सूचना दर्ज कराना अनिवार्य है।
किसान फसल नुकसान की शिकायत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 पर कॉल करके भी दर्ज करा सकते हैं। शिकायत दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, पॉलिसी नंबर, आधार नंबर, मोबाइल नंबर एवं ऋण पुस्तिका सहित आवश्यक जानकारी अपने पास रखने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए अपनी उपज की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करें और फसल बीमा से संबंधित नुकसान की सूचना निर्धारित समय-सीमा में जरूर दें, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत एवं बीमा का लाभ दिलाने की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
प्रशासन का फोकस अब प्रभावित खेतों के सर्वेक्षण और पात्र किसानों तक समय पर राहत पहुंचाने पर है।


