कैसियो बाजा छूने के विवाद में हत्या, आरोपी को आजीवन कारावास
लकड़ी के फट्टे से सिर पर किया था जानलेवा हमला, न्यायालय ने लगाया 5 हजार रुपये का अर्थदण्ड; निरीक्षक सावन कुमार सारथी की विवेचना रही प्रभावी
जांजगीर-चांपा। बच्चों के कैसियो बाजा छूने जैसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में न्यायालय ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही उस पर 5 हजार रुपये का अर्थदण्ड भी लगाया गया है। यह फैसला प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शैलेन्द्र चौहान की अदालत ने सुनाया।
प्रकरण के अनुसार, 22 मई 2025 को जिले के सारागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमरीद में बच्चों के कैसियो बाजा छूने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी रमेश कुमार सूर्यवंशी ने मृतक मनहरण घिरही के सिर पर लकड़ी के फट्टे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनहरण की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
घटना के बाद थाना सारागांव में पदस्थ निरीक्षक सावन कुमार सारथी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से साक्ष्य संकलन, आवश्यक जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा। पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय में प्रकरण की प्रभावी पैरवी हुई, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी दोषसिद्ध हुआ और उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
उल्लेखनीय है कि निरीक्षक सावन कुमार सारथी की विवेचना के दौरान पूर्व में भी कई गंभीर मामलों में आरोपियों को कड़ी सजा मिल चुकी है। सारागांव थाना क्षेत्र के एक अन्य हत्या प्रकरण में तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा हुई थी। वहीं नशीली कोडीन कफ सिरप के मामले में तीन आरोपियों को 14-14 वर्ष के कठोर कारावास तथा रात्रि में रास्ता रोककर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को भी 14-14 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।
इस मामले में आजीवन कारावास की सजा को पुलिस की प्रभावी विवेचना और साक्ष्य संकलन की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।




