युवाओं को संगठन से जोड़कर बूथ स्तर तक मजबूत होगा भाजयुमो : सोनू यादव
भाजपा जिला कार्यालय में युवा मोर्चा नगर मंडल जांजगीर-नैला की पहली कार्यसमिति बैठक, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर बनी रणनीति
जांजगीर। भारतीय जनता युवा मोर्चा नगर मंडल जांजगीर-नैला ने संगठन को नई मजबूती देने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसी कड़ी में गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में युवा मोर्चा की प्रथम परिचयात्मक एवं कार्यसमिति बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और वार्ड एवं बूथ स्तर पर संगठन के विस्तार को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिला भाजपा सह-संगठन प्रभारी राजेंद्र वैष्णव ने युवाओं को संगठन की कार्यशैली, अनुशासन और समर्पण का महत्व समझाते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और जनकल्याणकारी उद्देश्यों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने कहा कि मजबूत संगठन की नींव समर्पित कार्यकर्ताओं से तैयार होती है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की भूमिका पार्टी के विस्तार में महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने की बात कही।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष आकाश सिंह ने कहा कि युवा मोर्चा युवाओं को नेतृत्व और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने और प्रत्येक वार्ड में युवाओं की टीम तैयार करने पर जोर दिया।
इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजयुमो पलाश चंदेल, जिला महामंत्री अभिषेक पांडेय, मंडल प्रभारी रितेश सिंह, विवेक शर्मा एवं छबि कश्यप ने भी संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखे।
मंडल अध्यक्ष सोनू यादव ने कहा कि जांजगीर-नैला नगर मंडल में युवा मोर्चा को एक सशक्त, सक्रिय और अनुशासित इकाई के रूप में स्थापित करना लक्ष्य है। इसके लिए प्रत्येक वार्ड के युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें समाजसेवा, जनहित और राष्ट्रहित के कार्यों में सहभागी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
बैठक में चुन्नी राठौर, प्रदीप राठौर, कमल राठौर, रिया यादव, रोहित कुलदीप, संदीप साहू, नीरज यादव, अंकित राठौर, मिंटू कहरा, छात्रपाल, विजय, अखिलेश यादव, राजीव, कालू सेन, आकाश दूबे, राहुल यादव, आशुतोष शराफ, मनोज सोनवानी, अजय कौशिक, आयुष सागर राठौर, सुरेंद्र सूर्यवंशी, शिव सूर्यवंशी, राकेश शिव यादव, उमेश चौहान सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






