भाजपा ने मनाया संविधान दिवस, डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को किया याद
सांसद कमलेश जांगड़े ने डॉ. अंबेडकर के जीवन और संघर्ष पर डाला प्रकाश, सौरभ सिंह ने संविधान निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को किया रेखांकित
जांजगीर। भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चांपा द्वारा 26 नवंबर को जिला भाजपा कार्यालय जांजगीर में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण करते हुए भारतीय संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं सामाजिक न्याय के महत्व पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक समानता, शिक्षा, स्वतंत्रता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। संविधान निर्माण में उनकी भूमिका भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगी।
वहीं छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने गहन अध्ययन, विधिक ज्ञान, दूरदर्शिता और अथक परिश्रम से भारतीय संविधान को आकार देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व को विस्तार से बताया।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे देशभर में लागू किया गया।
कार्यक्रम में जिला सह प्रभारी राजेंद्र वैष्णव, भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े, अमर सुल्तानिया, राजू दास महंत, अजय केशरवानी, नंद चौधरी, नंदनी राजवाड़े, पंकज अग्रवाल, आशुतोष गोस्वामी, संतोषी दुबे, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, राम खूबवानी, विकास शर्मा, अनिल शर्मा, कमलेश मिश्रा, मनोज मिश्रा, एस.डी. मिश्रा एवं जिला विधि प्रकोष्ठ संयोजक योगेश सिंह राणा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा अधिवक्ता रमाकांत राजवाड़े, प्रदीप सोनी, अनुराग तिवारी, कुमार किशोर, नवल सिंह, सुनील श्रीवास, विद्या राठौर, राजीव रंजन, सौरभ तिवारी एवं अनिल महार सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।





