सेवा सेतु बना आम लोगों का सहारा, महज 5 दिनों में मिले जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र
तेजप्रताप के बेटे की शिक्षा संबंधी जरूरतें हुईं आसान, शासन की ऑनलाइन सेवा व्यवस्था की सराहना
जांजगीर-चांपा, 23 नवंबर 2026। शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल कारगर साबित हो रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से अब लोगों को जरूरी शासकीय दस्तावेजों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। इसका उदाहरण ग्राम बगडबरी निवासी तेजप्रताप के मामले में देखने को मिला, जिन्हें महज पांच दिनों के भीतर अपने पुत्र के जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, तेजप्रताप को अपने पुत्र की शिक्षा एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने तहसील कार्यालय बलौदा स्थित सेवा सेतु केंद्र में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महज पांच दिनों के भीतर उन्हें तीनों महत्वपूर्ण प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए गए। इससे उनके परिवार को बड़ी राहत मिली और बेटे की शिक्षा से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने का रास्ता आसान हो गया।
तेजप्रताप ने सेवा सेतु केंद्र की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतने कम समय में तीनों प्रमाण पत्र मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिना किसी परेशानी के महज पांच दिनों में सभी जरूरी दस्तावेज प्राप्त हो गए। उन्होंने इस सुविधाजनक व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा सेतु जैसी पहल शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे न केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान हो रही है, बल्कि लोगों के समय और अनावश्यक भागदौड़ की भी बचत हो रही है।




