सक्ती जिले में 1 दिसंबर से लागू होगी ई-ऑफिस व्यवस्था, सभी सरकारी कामकाज होंगे पेपरलेस
कलेक्टर जयश्री जैन ने प्रशिक्षण कार्य का किया निरीक्षण, अधिकारियों-कर्मचारियों को शत-प्रतिशत ई-ऑफिस प्रणाली अपनाने के दिए निर्देश

सक्ती, जिले के शासकीय कार्यालयों में कामकाज को अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब 1 दिसंबर 2026 से जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कामकाज किया जाएगा। इस व्यवस्था के लागू होने से सरकारी फाइलों का संचालन, पत्राचार और कार्यालयीन प्रक्रियाएं डिजिटल माध्यम से संपन्न होंगी तथा कागजी कार्यप्रणाली पर निर्भरता कम होगी।
ई-ऑफिस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कलेक्टोरेट कार्यालय के आईटी कक्ष में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा में प्रशिक्षण प्राप्त करें और नई व्यवस्था के अनुरूप कामकाज शुरू करने की तैयारी पूरी करें।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 1 दिसंबर से सभी शासकीय कार्य ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही संपादित किए जाएं। उन्होंने सभी विभागों को इस व्यवस्था को गंभीरता से अपनाने तथा शत-प्रतिशत कार्य डिजिटल माध्यम से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिला प्रशासन द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली के सुचारू संचालन के लिए 21 नवंबर से 20 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन कार्यालयीन दिवसों में शाम 4 बजे से 6 बजे तक प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 15 स्थित आईटी कक्ष में दिया जा रहा है। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस के संचालन, फाइलों के ऑनलाइन प्रबंधन और डिजिटल कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है।
ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने से सरकारी कामकाज में अनावश्यक कागजी प्रक्रिया कम होगी। फाइलों के एक विभाग से दूसरे विभाग तक पहुंचने में लगने वाला समय घटेगा और कार्यों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। इसके साथ ही कार्यालयीन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ने के साथ निर्णय लेने की प्रक्रिया भी अधिक व्यवस्थित और समयबद्ध होने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन का लक्ष्य जिले के सभी शासकीय कार्यालयों को डिजिटल कार्यप्रणाली से जोड़कर आधुनिक, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करना है।





