मासूम की नृशंस हत्या: अंग तस्करी की आशंका पर कांग्रेस ने पूछे तीखे सवाल
फर्स्ट छत्तीसगढ़ न्यूज़ से शैलेंद्र कुमार जशपुर| छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 वर्षीय मासूम बालक जितेन्द्र राम की बर्बर और हृदयविदारक हत्या ने पूरे प्रदेश की सियासत में भूचाल ला दिया है। इस नृशंस घटना के बाद से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर ने इस जघन्य हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता पर बड़ा कलंक बताया है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले में प्रशासन की कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लिया है।
पुलिस के खुलासे से सामने आया है कि आरोपी ने बच्चों के शरीर से अंग निकालकर बेचने के माध्यम से पैसा कमाने की योजना बनाई थी। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद कांग्रेस ने शासन और पुलिस प्रशासन के सामने 10 तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं:
1.क्या यह किसी गिरोह का हिस्सा है? क्या बच्चों के अंगों को बेचने का कोई संगठित बाजार या नेटवर्क सक्रिय है?
2. घृणित विचार का स्रोत क्या है? क्या आरोपी अकेला था या उसे किसी ने इसके लिए प्रेरित किया? उसके सोशल मीडिया, कॉल डिटेल और इंटरनेट सर्च हिस्ट्री की फॉरेंसिक जांच हो।
3. अंतरराज्यीय कनेक्शन की आशंका: झारखंड और ओडिशा की सीमा से लगे जशपुर में क्या बच्चों की अंगों की तस्करी का कोई अंतरराज्यीय नेटवर्क काम कर रहा है?
4. पुलिस की शुरुआती सुस्ती क्यों? बालक 5 नवंबर से लापता था, लेकिन परिजनों द्वारा 7 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने खोजबीन में कितनी तेजी दिखाई? इसकी पूरी कार्यप्रणाली सार्वजनिक हो।
5.मुख्यमंत्री के गृह जिले में सुरक्षा पर सवाल: क्या मुख्यमंत्री के अपने गृह जिले में भी मासूम बच्चे सुरक्षित नहीं हैं? सिर्फ विकास के दावे क्यों, जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
6. आदिवासी और कमजोर वर्गों की सुरक्षा: राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) और गरीब परिवारों के बच्चों की सुरक्षा के लिए सरकार के पास क्या ठोस योजना है?








