वार्ड क्रमांक 18 में 39 लाख रुपये की लागत से बनेगी बीटी रोड, नगर पालिका अध्यक्ष ने किया भूमि पूजन
जांजगीर-नैला। नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के वार्ड क्रमांक 18 में विकास कार्यों को गति देते हुए शुक्रवार, 27 नवंबर को 39 लाख रुपये की लागत से बनने वाली बीटी रोड का विधिवत भूमि पूजन किया गया। सड़क निर्माण कार्य से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी और लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड में राठौर चौक (रमन नगर गेट) से यादव चौक तक तथा प्रशांत सिंह के घर से छोटू किराना दुकान तक बीटी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इस निर्माण कार्य की कुल लागत 39 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
भूमि पूजन कार्यक्रम नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़वाल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वार्ड पार्षद दिनेश राठौर, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष हितेश यादव, नगर महामंत्री विक्की सिंह, टिंकू शुक्ला, भाजयुमो नगर अध्यक्ष सोनू यादव, सभापति रघु कश्यप एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में इंजीनियर ताकेश्वर नायक, राकेश राठौर, छातराम यादव, रामलाल यादव, राजेश राठौर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ।
इस सड़क निर्माण कार्य को वार्ड के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। बीटी रोड बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा स्थानीय नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।






