उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता
30 नवंबर को दोपहर 12 बजे सारंगढ़ के खेल भाठा मैदान में होगी आमसभा, 274 विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन एवं लोकार्पण
49.51 करोड़ रुपए से अधिक के 184 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 57.43 करोड़ रुपए से अधिक के 90 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणाओं के अनुरूप विकास कार्यों को मिलेगी गति
सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य एवं नगरीय और ग्रामीण अधोसंरचना विकास की मिलेगी सौगात
आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़,मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आगामी 30 नवंबर को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रवास के दौरान जिलेवासियों को 106 करोड़ 94 लाख 83 हजार रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। जिला मुख्यालय सारंगढ़ के स्थानीय खेल भाठा मैदान में दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव करेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के कुल 274 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। इनमें 49 करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपए की लागत के 184 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 57 करोड़ 43 लाख 63 हजार रुपए की लागत के 90 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री इस अवसर पर आयोजित आमसभा को भी संबोधित करेंगे।

इस आयोजन में जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंक राम वर्मा, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय एवं नगर पालिका परिषद सारंगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर जिले के समस्त जनपद पंचायतों के अध्यक्षगण, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्यगण, नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं पार्षदगण, सरपंचगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री के जिला प्रवास एवं आमसभा के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ खेल भाठा मैदान पहुंचकर आयोजन स्थल पर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी समस्त व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में आयोजन की समस्त तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
राज्य शासन द्वारा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आधारभूत संरचनाओं के विकास, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा आम नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विकास योजनाओं का प्राथमिकता से क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के जिला प्रवास के दौरान सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता, नगरीय सुविधाओं एवं ग्रामीण अधोसंरचना विकास से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
नगरीय निकायों में 28.81 करोड़ रुपए से अधिक के 59 विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जिले के नगरीय निकायों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं अधोसंरचना विकास के लिए 28 करोड़ 81 लाख 93 हजार रुपए की लागत के 59 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें नगर पालिका परिषद सारंगढ़ तथा नगर पंचायत बिलाईगढ़, बरमकेला, भटगांव एवं पवनी के विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
सारंगढ़ नगर को मिलेगी 23.04 करोड़ रुपए से अधिक के 52 विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय नगर पालिका परिषद सारंगढ़ के अंतर्गत 23 करोड़ 4 लाख 5 हजार रुपए की लागत के 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। जिला मुख्यालय सारंगढ़ में नगरीय अधोसंरचना को सुदृढ़ करने, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने तथा नगर की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के लिए ये कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
बिलाईगढ़, बरमकेला, भटगांव एवं पवनी में नगरीय सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री नगर पंचायत बिलाईगढ़ में तीन करोड़ 57 लाख 10 हजार रुपए की लागत के दो विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इसी तरह नगर पंचायत बरमकेला में 92 लाख 74 हजार रुपए की लागत के दो विकास कार्यों, नगर पंचायत भटगांव में 86 लाख 68 हजार रुपए की लागत के दो विकास कार्यों तथा नगर पंचायत पवनी में 41 लाख 36 हजार रुपए की लागत के एक विकास कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा।
इन विकास कार्यों के माध्यम से जिले के नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने एवं आम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जाएंगे।
लोक निर्माण विभाग के 12.82 करोड़ रुपए से अधिक के पांच विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 12 करोड़ 82 लाख 39 हजार रुपए की लागत के पांच महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। जिले में आधारभूत संरचनाओं के विकास एवं आवश्यक निर्माण कार्यों को गति देने की दिशा में इन कार्यों का क्रियान्वयन किया जाएगा।
तीनों विकासखंडों में 6.96 करोड़ रुपए से अधिक के 117 ग्रामीण विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री साय जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं ग्रामीण अधोसंरचना विकास के लिए जनपद पंचायत सारंगढ़, बरमकेला एवं बिलाईगढ़ के अंतर्गत छह करोड़ 96 लाख 88 हजार रुपए की लागत के कुल 117 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।
इनमें जनपद पंचायत सारंगढ़ के अंतर्गत चार करोड़ 11 लाख 92 हजार रुपए की लागत के 52 विकास कार्य, जनपद पंचायत बरमकेला के अंतर्गत 38 लाख रुपए की लागत के नौ विकास कार्य तथा जनपद पंचायत बिलाईगढ़ के अंतर्गत दो करोड़ 46 लाख 96 हजार रुपए की लागत के 56 विकास कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अंतर्गत 90 लाख रुपए की लागत के तीन विकास कार्यों का भी भूमिपूजन करेंगे।
जल जीवन मिशन के 49.60 करोड़ रुपए से अधिक के 55 कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत 49 करोड़ 60 लाख 36 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए 55 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। ग्रामीण परिवारों को नल के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित की गई इन अधोसंरचनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं का विस्तार होगा।
राज्य शासन द्वारा ग्रामीण परिवारों तक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जल जीवन मिशन के कार्यों का प्राथमिकता से क्रियान्वयन किया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में 3.51 करोड़ रुपए से अधिक के 31 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री जनपद पंचायत सारंगढ़ के अंतर्गत तीन करोड़ 31 लाख 88 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए 29 विकास कार्यों तथा जनपद पंचायत बरमकेला के अंतर्गत 20 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुए दो विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप पूर्ण किए गए इन विकास कार्यों को मुख्यमंत्री लोकार्पित करेंगे।
लोक निर्माण एवं स्वास्थ्य विभाग के 3.20 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत एक करोड़ 25 लाख 4 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए एक विकास कार्य का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से संबंधित एक करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से पूर्ण हुए एक विकास कार्य का भी लोकार्पण करेंगे।
पुलिस थाना केडार एवं पुलिस चौकी कनकबीरा के निर्माण कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री जिले में पुलिस विभाग की आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने के लिए एक करोड़ 11 लाख 35 हजार रुपए की लागत से पूर्ण हुए दो विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें 66 लाख 52 हजार रुपए की लागत के पुलिस थाना केडार तथा 44 लाख 83 हजार रुपए की लागत के पुलिस चौकी कनकबीरा से संबंधित निर्माण कार्य शामिल हैं।






