Advertisement Carousel
Add
छत्तीसगढ़सारंगढ़सारंगढ़ - बिलाईगढ़

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने चंचला चौधरी को किया सम्मानित

Ad

महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन, वित्तीय जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान

सारंगढ़,महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बरमकेला विकासखंड के बौंदा क्लस्टर की चंचला चौधरी को महिला आयोग द्वारा ‘नारी शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत सीईओ ने सभी अधिकारियों की उपस्थिति में चंचला चौधरी को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

चंचला चौधरी ज्योति संकुल संगठन से जुड़ी हैं और वर्तमान में  वित्तीय साक्षरता सखी के रूप में कार्यरत हैं। वे महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने, नियमित बचत के लिए प्रेरित करने तथा पात्र सदस्यों को बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। उनके प्रयासों से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

चंचला चौधरी ने सिलाई मशीन के माध्यम से लगभग 600 महिलाओं को प्रशिक्षण भी प्रदान किया है, जिससे महिलाएं सिलाई का हुनर सीखकर स्वयं का रोजगार शुरू कर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें।
इसके साथ ही वे साक्षर भारत मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन  से भी जुड़ी रही हैं। वर्ष 2018 में उन्हें ‘चलो चंपारण सत्याग्रह’ कार्यक्रम के तहत बिहार जाने का अवसर मिला, जहां उन्होंने गया जिले को स्वच्छ भारत मिशन के तहत ओडीएफ बनाने के अभियान में योगदान दिया।

महिलाओं को स्वावलंबी बनाने, वित्तीय रूप से जागरूक करने और रोजगार से जोड़ने के साथ सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने चंचला चौधरी को आगे भी इसी तरह कार्य करते हुए निरंतर सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।

Advertisements

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button